file 2026 01 04T13 44 01 बेलहर में बीसीसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक मुकाबला, विराट 11 बहजोरा ने 2 विकेट से दर्ज की जीत

बेलहर में बीसीसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक मुकाबला, विराट 11 बहजोरा ने 2 विकेट से दर्ज की जीत

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका जिला के बेलहर प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद झामा मैदान परिसर में रविवार को बीसीसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के 11वें सीजन का तीसरा मुकाबला रोमांचक माहौल में खेला गया। यह मुकाबला विराट 11 बहजोरा और मां दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब बांका के बीच आयोजित हुआ, जिसमें दर्शकों को अंत तक सांस रोक देने वाला खेल देखने को मिला।

मैच का उद्घाटन बेलहर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रामजी भगत एवं उपमुखिया सच्चिदानंद भगत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से पहला बॉल फेंककर और बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार एवं कोषाध्यक्ष पंकज भगत ने अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।

टॉस जीतकर विराट 11 बहजोरा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मां दुर्गा स्पोर्टिंग क्लब बांका की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। बांका की ओर से बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलित प्रदर्शन किया, जिससे टीम सम्मानजनक लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रही।

187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विराट 11 बहजोरा की टीम ने शानदार शुरुआत की, हालांकि मध्यक्रम में कुछ विकेट गिरने से मुकाबला रोचक हो गया। इसके बावजूद बहजोरा के बल्लेबाजों ने धैर्य बनाए रखा और 19 ओवर एक गेंद में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाते हुए 2 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।

इस मुकाबले में विराट 11 बहजोरा के विष्णु पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 छक्के और 5 चौके की मदद से 60 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण के दौरान अतिथियों के अलावा टूर्नामेंट संरक्षक, पूर्व कप्तान एवं कमेंटेटर संतोष भगत, रालोमो नेता शैलेंद्र कुमार मंटू, उमा दीदी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विष्णु पांडेय को मेडल, 500 रुपये का चेक एवं हैट्रिक छक्का मारने पर 1000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

See also  कड़ाके की ठंड को लेकर बड़ा फैसला: बांका और बेगूसराय में 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

मैच में अंपायर की भूमिका कंचन कुमार एवं शुभम कुमार ने निभाई, जबकि शानदार और रोचक कॉमेंट्री रवि प्रकाश ने की। इस मुकाबले ने टूर्नामेंट के रोमांच को और बढ़ा दिया, जिससे आगामी मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार