बांका के कटोरिया। कटोरिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत कटोरिया बीट में पदस्थापित फोरेस्टर प्रिंस कुमार राय की छात्रा अपहरण कांड में गिरफ्तारी का मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से ठीक तीन दिन पूर्व तक फोरेस्टर कटोरिया में ऑन ड्यूटी थे, जिससे विभागीय स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस संवेदनशील मामले में वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से साफ तौर पर इंकार कर रहे हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमंडल स्तर के विभागीय अधिकारी द्वारा गिरफ्तार फोरेस्टर प्रिंस कुमार राय के निलंबन की अनुशंसा विभाग के वरीय अधिकारियों से की गई है। इस संबंध में डीएफओ से संपर्क कर पुष्टि करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। विभागीय चुप्पी के बीच निलंबन की अनुशंसा की खबर ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरांव गांव से एक इंटर की छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अपहृत छात्रा की मां, जो कि आंगनबाड़ी सेविका हैं, ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी आलोक सिंह के पुत्र सह कटोरिया में पदस्थापित फोरेस्टर प्रिंस कुमार राय एवं एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, गत 20 सितंबर 2025 को छात्रा पार्लर का सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका अपहरण कर लिया गया। घटना के तीन दिन बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। अब तक अपहृत छात्रा के संबंध में न तो परिजनों को और न ही पुलिस को कोई ठोस सुराग मिल पाया है।
अपहृत छात्रा की मां ने बताया कि मोबाइल फोन पर उनकी बेटी ने संपर्क कर जानकारी दी थी कि प्रिंस कुमार राय उसे अपहरण कर देवघर ले गया है और उसके साथ चार अन्य लड़के भी मौजूद हैं। छात्रा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए मदद की गुहार भी लगाई थी। परिजनों का आरोप है कि छात्रा द्वारा शादी करने से इंकार करने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
इधर, रोहतास पुलिस गिरफ्तार फोरेस्टर प्रिंस कुमार राय को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं कटोरिया रेंजर राजेश कुमार ने फोरेस्टर द्वारा छुट्टी लेकर घर जाने या उसकी पदस्थापना से जुड़ी जानकारी के सवाल पर कहा कि विभाग की अंदरूनी जानकारी देना संभव नहीं है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




