IMG 20260111 231924 मंदार महोत्सव के मंच पर देशभर के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

मंदार महोत्सव के मंच पर देशभर के कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

Photo of author

By Banka Darshan News

बौंसी के ऐतिहासिक मंदार महोत्सव इस वर्ष भी संगीत प्रेमियों के लिए खास और यादगार बनने जा रहा है। महोत्सव के मंच से देश के कई नामचीन कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। बॉलीवुड, भक्ति, लोक और शास्त्रीय संगीत के संगम के साथ यह सांस्कृतिक आयोजन एक बार फिर श्रद्धा और सुरों की अनूठी अनुभूति कराएगा।

महोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार 14 जनवरी को बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक यासिर देसाई अपनी सुरीली आवाज से मंच पर धमाल मचाएंगे। उनके साथ गायिका सुस्वाती मलिक भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगी। 15 जनवरी को भक्ति संगीत जगत की सुप्रसिद्ध गायिका कविता पौडवाल मंच पर होंगी, जिनकी भजन और भक्ति रचनाएं श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर देंगी। इसी दिन लोकप्रिय गायक सावन सांवरे भी अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगे।

16 जनवरी को इंडियन आइडल फेम कपिल थापा मंच पर अपनी गायकी का जादू बिखेरेंगे। उनके साथ गायिका सुभोश्री और राकेश कुमार सानू भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 17 जनवरी को महोत्सव का मंच स्थानीय कवियों के नाम रहेगा, जहां कवि सम्मेलन के माध्यम से साहित्य रस की वर्षा होगी। 18 जनवरी को स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा विभिन्न प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के बाद महोत्सव का समापन किया जाएगा।मालूम हो कि मंदार महोत्सव केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, संगीत और परंपराओं को सहेजने और आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्ति, लोक और फिल्मी संगीत का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। मंच से गूंजने वाले सुर दर्शकों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभूति से जोड़ेंगे।

See also  बांका के मंदार पापहारिणी मेले में उचक्कों का आतंक, सफा अनुयायियों से एक लाख रुपये की चोरी

इस संबंध में अपर समाहर्ता अजीत कुमार ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। अग्रवाल इवेंट द्वारा मंच, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था को भव्य रूप दिया जा रहा है, ताकि कलाकारों और दर्शकों को यादगार अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मंदार महोत्सव को लेकर संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से यासिर देसाई और कपिल थापा की प्रस्तुति को लेकर युवाओं में जबरदस्त जोश है, जबकि कविता पौडवाल और सावन सांवरे की भक्ति रचनाएं श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगी। महिला गायिकाओं की सशक्त प्रस्तुतियां भी महोत्सव का विशेष आकर्षण होंगी।गौरतलब है कि मंदार महोत्सव कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से इस सांस्कृतिक उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

 

रिपोर्ट – माखन सिंह