IMG 20251117 080940 धोरैया मार्ग पर लूटी गई बाइक के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

धोरैया मार्ग पर लूटी गई बाइक के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-हेमंत कुमार

बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र के विजयहाट–धोरैया मुख्य मार्ग पर दुग्वयी पुल के समीप चार दिन पूर्व हुई बाइक लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने बीती देर रात ताबड़तोड़ कार्रवाई कर लूटी गई बाइक के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। यह लूट 12 नवंबर की देर रात हुई थी, जब ढाकामोड़ गांव के किशोर पंडित एक कार्यक्रम का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। उसी दौरान तीन अपराधियों ने उन्हें रोका, मारपीट की और बाइक छीनकर फरार हो गए।

 

पीड़ित द्वारा मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बौंसी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने लगातार छापेमारी की और घटना स्थल से जुड़े कई सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। तकनीकी शाखा द्वारा मिले सुरागों ने पुलिस को सही दिशा प्रदान की। इसके आधार पर शनिवार देर रात छापेमारी अभियान चलाया गया।

 

छापेमारी में मिर्जापुर गांव के सूरज कुमार (पिता–राम जी यादव) और राजा कुमार (पिता–विकास यादव) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुनसिया बाजार में किराये के मकान में रह रहे भागलपुर जिले के हरनाथ चक निवासी मनीष कुमार (पिता–प्रमोद साह) को भी हिरासत में ले लिया गया। तीनों अपराधियों के पास से लूटी गई बाइक के साथ-साथ तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनका उपयोग अपराधियों ने घटना के दौरान किया था।

 

बाराहाट थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ इंद्रदेव बैठा ने बताया कि गिरफ्तार सूरज कुमार के खिलाफ बौंसी थाना में पूर्व से ही लूट का एक मामला दर्ज है, जिसमें वह जेल जा चुका है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

See also  अमरपुर पुलिस को बड़ी सफलता, चोरी की बोलेरो झारखंड से बरामद, दो युवक गिरफ्तार

 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में दहशत फैल गई है, वहीं आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष महेश कुमार, अपर पुलिस पदाधिकारी सूरज कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।