बांका: आनंदपुर थाना क्षेत्र के अमजोरा गांव में बुधवार की रात पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां पति ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर पहली पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नदी किनारे बालू में गाड़कर फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही आनंदपुर थानाध्यक्ष विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा गया। मृतका की पहचान अमजोरा निवासी शिवचरण दास की पत्नी सावित्री देवी (34 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी की दूसरी पत्नी पूजा देवी को हिरासत में ले लिया है, जबकि पति फरार बताया जा रहा है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि सौतन के घर आने के बाद से ही सावित्री देवी की जिंदगी नरक बन गई थी। पति लगातार उससे दूरी बना रहा था और आए दिन मारपीट करता था। बीती रात मामूली कहासुनी के बाद दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी और शव को गांव के पास बढ़ुआ नदी स्थित सत्ती घाट पर बालू में दबा दिया।
आर्थिक तंगी से जूझ रही सावित्री देवी परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करती थी। उसके इकलौते पुत्र, 14 वर्षीय ब्रह्मदेव दास, ने भी मां की हालत देखकर सूरत जाकर कमाने का फैसला किया था। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतका के परिजनों ने बताया कि सौतन पूजा देवी के आने के बाद पति ने कभी भी सावित्री देवी का ख्याल नहीं रखा और उसे प्रताड़ित करता था।
गांव में हत्या की खबर फैलते ही उपमुखिया सुजीत रमानी, पैक्स अध्यक्ष हेमराज यादव सहित आसपास गांवों के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। मृतका के पिता और मायके पक्ष ने आरोपी पति और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल हत्या नहीं, बल्कि एक महिला के साथ लंबे समय से चल रहे उत्पीड़न और उपेक्षा का नतीजा है।
थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि पति दो शादी किया था, शव बालू में मिला है मृतका के पुत्र और मायके पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी पति शिवचरण दास की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।