रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बांका जिला लोक शिकायत पदाधिकारी कार्यालय ने लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत समय पर परिवादों के निष्पादन में पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह उपलब्धि डीएम नवदीप शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन, सतत मॉनिटरिंग और लोक प्राधिकारों की सजगता का परिणाम है।
अक्टूबर 2025 की जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में बांका जिले ने सभी प्रमुख पैरामीटर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। रिपोर्ट के अनुसार नियत समय सीमा के भीतर 99.14 प्रतिशत परिवादों का निष्पादन किया गया, जिसके लिए जिले को 9.91 अंक प्राप्त हुए। समीक्षाधीन माह में नियत समय पर शत-प्रतिशत परिवादों के निष्पादन के लिए अतिरिक्त 30 अंक दिये गये।
इसके अलावा लोक प्राधिकारों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गयी, जिसके लिए 10 अंक प्रदान किए गए। प्रथम अपील के मामलों में भी बांका ने शानदार प्रदर्शन किया और 98.01 प्रतिशत परिवादों का निष्पादन समय सीमा के भीतर किया। इस श्रेणी में जिले को 9.80 अंक मिले।
सभी श्रेणियों को मिलाकर बांका जिले को कुल 59.71 अंक प्राप्त हुए, जो इसे राज्य में प्रथम स्थान पर स्थापित करता है। दूसरे स्थान पर शिवहर रहा, जिसे 59.43 अंक मिले, जबकि बक्सर ने 59.28 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
यह उपलब्धि न केवल बांका जिले की प्रशासनिक दक्षता और जवाबदेही दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। जिले के लिए यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जो आगे भी पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने में प्रेरक सिद्ध होगी।




