न्यूज़-चन्दन कुमार
बांका समेत आसपास के क्षेत्रों में इस सप्ताह लगातार चार दिनों तक बैंकों में कामकाज ठप रहेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सात नवंबर को माह का दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकों में नियमित अवकाश रहेगा। इसके अगले दिन, आठ नवंबर को रविवार होने से साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। इसके बाद 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बैंककर्मियों को चुनावी ड्यूटी में तैनात किया जाएगा, जिसके चलते सोमवार और मंगलवार को भी बैंक बंद रहेंगे। इस प्रकार 7 से 10 नवंबर तक यानी पूरे चार दिनों तक बैंकिंग सेवाएं बाधित रहेंगी।
लगातार छुट्टियों की इस श्रृंखला से आम उपभोक्ताओं को नकद निकासी, जमा और अन्य वित्तीय लेन-देन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को, जो ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं का सीमित उपयोग करते हैं, नकदी संकट की स्थिति झेलनी पड़ सकती है। वहीं, व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को भी लेन-देन में दिक्कतें आएंगी।
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यक बैंकिंग जरूरतें समय से पहले पूरी कर लें। साथ ही, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं जैसे नेट बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम के माध्यम से आवश्यक लेन-देन करने की सलाह दी गई है। हालांकि, लगातार छुट्टियों के दौरान एटीएम में नकदी की उपलब्धता पर भी दबाव बढ़ सकता है।
बैंकों के बंद रहने से सरकारी और निजी भुगतान प्रक्रियाओं में भी देरी की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं ताकि आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।




