शंभुगंज-तिलडीहा पथ पर पुलिया ध्वस्त, वाहनों का परिचालन बंद

 

हमसे जुड़े

Facebook Instagram WhatsApp YouTube

शंभुगंज प्रखंड के कुर्मा होते हुए तिलडीहा दुर्गा मंदिर व तारापुर जाने वाले मुख्य पथ पर सहरोय गोयड़ा गांव के पास दशकों पूर्व निर्मित पुलिया रविवार रात को पूरी तरह ध्वस्त हो गई। पुलिया टूटने से इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार बदुआ नदी का पानी गोयड़ा बहियार में फैलने के कारण दबाव बना, जिससे पुलिया धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होती गई और रातभर में पूरी तरह टूटकर बह गई।

 

सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो पुलिया का नामोनिशान मिट चुका था। न सिर्फ वाहनों का चलना बंद हो गया, बल्कि अब पैदल पार करना भी नामुमकिन हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही शंभुगंज थानाध्यक्ष मंटू कुमार, बीडीओ नीतीश कुमार और सीओ जुगनूरानी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ग्रामीण कार्य विभाग, बांका को भी जानकारी दे दी गई है।

 

इस पुल के टूटने से सहरोय गोयड़ा, हरिवंशपुर, तिलडीहा सहित दर्जनों गांवों का शंभुगंज प्रखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क भंग हो गया है। अब ग्रामीणों को 12-15 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय कर असरगंज या अठमनियां होते हुए मुख्यालय पहुंचना पड़ेगा। खासकर तिलडीहा दुर्गा मंदिर में पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक परेशानी होगी।

 

ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता रवि किशन ने बताया कि मंगलवार को ड्रोन से पुलिया की वीडियोग्राफी तीन स्तरों पर कराई जाएगी। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कर आवागमन बहाल किया जाएगा।