रिपोट -पंकज कुमार
बांका जिले के चांदन प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, पाण्डेयडीह–कोरिया मुख्य सड़क मार्ग पर लठाने मोड़ के समीप सामने से आ रही बुलेट और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोरिया गांव निवासी डुंगन यादव के 37 वर्षीय पुत्र बीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि बीरेंद्र कुमार चांदन बाजार से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार बुलेट ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें परिजन व ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के पिता का फर्द बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता ने कोरिया गांव के तीन युवकों पर जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव के साथ चांदन थाना पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए करीब दो घंटे तक धरना दिया।
थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती के आश्वासन पर लोग शांत हुए। घटना से गांव में शोक की लहर है, वहीं मृतक की पत्नी व तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।




