बांका। जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में मंडल कारा, बांका में बुधवार को एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कारा में निरुद्ध बंदियों को नियोजन सहायता, कौशल विकास तथा कैरियर से जुड़ी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना था, ताकि कारामुक्ति के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों को भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर कुल 36 बंदियों का एनसीएस पोर्टल पर निबंधन कराया गया। यंग प्रोफेशनल अभिषेक कुमार एवं लिपिक संतोष कुमार सिंह ने बंदियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली, पंजीकरण प्रक्रिया, उपलब्ध रोजगार अवसरों तथा इससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि एनसीएस पोर्टल के माध्यम से सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्र में रोजगार, अप्रेंटिसशिप, प्रशिक्षण तथा कैरियर काउंसलिंग जैसी सुविधाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कारा उपाधीक्षक सुशील कुमार गुप्ता ने कहा कि एनसीएस पोर्टल एक ऐसा डिजिटल प्लेटफार्म है, जो बंदियों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि कारामुक्ति के बाद बंदी इस पोर्टल के माध्यम से रोजगार के अनेक अवसरों से जुड़ सकते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहल से बंदियों का न केवल व्यक्तिगत विकास होगा, बल्कि उनके घर-परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी और वे सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
कारा उपाधीक्षक ने बंदियों से अपील की कि वे कार्यक्रम के दौरान दी गई जानकारियों को गंभीरता से समझें और अपने जीवन में उतारें। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच के साथ बंदी समाज में पुनः स्थापित होकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर सहायक अधीक्षक रामनंदन पंडित, मो. कासिफ, कक्षपाल योगेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य कारा कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लिया और कैरियर व रोजगार से जुड़ी जानकारियों में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम के अंत में बंदियों ने इस पहल के लिए जिला नियोजनालय एवं कारा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




