रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अमरपुर प्रखंड में भी विभिन्न चुनावी कार्यों के लिए कोषांगों (सेल) का गठन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रखंड कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्मिक प्रबंधन कोषांग का प्रभार बीडीओ को सौंपा गया है। उनके सहयोग के लिए अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक, सहायक शिक्षक आलोक कुमार और रितेश कुमार सिंह सहित कुल 14 कर्मियों को नियुक्त किया गया है।
नजारत कोषांग की जिम्मेदारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार साह को दी गई है, जिनकी सहायता के लिए अंचल नाजिर अभय कुमार और प्रखंड नाजिर दीपक कुमार तैनात किए गए हैं।
परिवहन कोषांग की प्रभारी सीओ रजनी कुमारी बनाई गई हैं। उनके साथ अंचल निरीक्षक राजेश कुमार झा समेत 18 कर्मियों को लगाया गया है। सामग्री प्रबंधन कोषांग की कमान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र कुमार शर्मा और प्रखंड आवास पर्यवेक्षक वैभव विकास के हाथों में दी गई है।
आदर्श आचार संहिता और विधि व्यवस्था कोषांग की जिम्मेदारी भी सीओ रजनी कुमारी के साथ अमरपुर एवं मैनमा थाना अध्यक्षों को सौंपी गई है।
वीडियोग्राफी व वेबकास्टिंग की देखरेख बीईओ राहुल कुमार करेंगे। वहीं हेल्पलाइन व जन शिकायत निवारण कोषांग की जिम्मेदारी सीडीपीओ सुशीला धान और पंचायती राज पदाधिकारी प्रणवी को मिली है।
स्वीप व पीडब्ल्यूडी प्रबंधन में बीईओ राहुल कुमार, सीडीपीओ और जीविका बीपीएम विकास कुमार की भूमिका रहेगी। आईटी एप्लिकेशन कोषांग सांख्यिकी पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा को सौंपा गया है।
इसके अलावा सीपीएफ, ईवीएम, प्रशिक्षण, निर्वाचक सूची प्रबंधन, व सुनिश्चित न्यूनतम सुविधा को लेकर भी अलग-अलग कोषांग बनाए गए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।



