InShot 20250929 235026991 बांका कोर्ट परिसर से फरार शातिर अपराधी छोटू यादव गिरफ्तार, तीन दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

बांका कोर्ट परिसर से फरार शातिर अपराधी छोटू यादव गिरफ्तार, तीन दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोट-चन्दन कुमार

बांका में आर्म्स एक्ट के एक मामले में बांका सिविल कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा को चकमा देकर फरार हुआ शातिर अपराधी छोटू यादव उर्फ बिचु यादव आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। करीब तीन दिनों तक पुलिस की नींद उड़ाने वाले इस फरार बदमाश को पंजवारा पुलिस ने रविवार की देर रात बौंसी थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया।

 

कैसे चकमा देकर भागा था अपराधी

मामला बीते बुधवार रात का है, जब पंजवारा पुलिस ने पुरानी बाजार हॉस्पिटल रोड के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे छोटू यादव को पकड़ा था। तलाशी में उसके पास से अवैध देशी सिक्सर बरामद हुआ। गुरुवार को पुलिस ने उसे बांका सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाया था। इसी दौरान मौका पाकर छोटू यादव चौकीदार को चकमा देकर हथकड़ी छुड़ा भाग निकला। कोर्ट परिसर से फरार होने की इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

 

गुप्त सूचना से मिली सफलता

एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपराधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी का निर्देश दिया। पुलिस तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर उसकी खोजबीन कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि फरार आरोपी अपनी बहन के घर तेतरिया गांव में छिपा हुआ है। इसके बाद पंजवारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात छापेमारी कर उसे धर दबोचा।

 

आपराधिक इतिहास रहा है लंबा

See also  बांका के सीएसपी संचालक को मारी गोली, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस के अनुसार छोटू यादव पिता दिनेश यादव, मूल रूप से सीमावर्ती झारखंड के गोड्डा जिला के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव का निवासी है। उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल, उसे पुनः बांका जेल भेज दिया गया है और पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

 

इस गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी राहत मिली है और स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।