रिपोट-चन्दन कुमार
बांका जिले में आयोजित एक विशाल चुनावी सभा के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। वे जेडीयू उम्मीदवार मनोज यादव के समर्थन में बांका पहुंचे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता एनडीए के कामों से खुश है और विकास के लिए एक बार फिर एनडीए को चुनने का मन बना चुकी है।
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी पप्पू हैं, बिहार में चुनाव हो रहा है और वे हमारे प्रदेश में घूम रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने वाली है, जिसने देश को विकास की राह से भटकाने का काम किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “उन्हें बोलना भी नहीं आता था।”
मोहन यादव ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर पाकिस्तान ने फिर कोई हरकत की, तो हमारी सेना मुंहतोड़ जवाब देगी।” उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया है और आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है। किसानों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कभी किसानों का सम्मान नहीं किया, जबकि भाजपा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों किसानों को लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने “लाल सलाम” और नक्सलवाद को खत्म करने में बड़ी भूमिका निभाई, जिसे कांग्रेस ने वर्षों तक पाला था। मोहन यादव ने जनता से अपील की कि वे विकास, स्थिरता और सुशासन के लिए एनडीए उम्मीदवार मनोज यादव को भारी मतों से विजयी बनाएं। सभा स्थल पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी थी, और माहौल पूरी तरह एनडीए के पक्ष में नजर आ रहा था।




