IMG 20251128 232354 कटोरिया में कोचिंग संचालक की पिटाई, सात नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ आवेदन

कटोरिया में कोचिंग संचालक की पिटाई, सात नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ आवेदन

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के कटोरिया नगर पंचायत अंतर्गत तुलसीवरण गांव में घटी मारपीट की एक गंभीर घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय कॉमर्स क्लासेस के संचालक संतोष कुमार यादव (37 वर्ष) को ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर बेरहमी से पीट दिया। घटना तब हुई जब संतोष अपने कोचिंग सेंटर में बच्चों को पढ़ाने में व्यस्त थे। अचानक घर के बाहर दस बाइकें आकर रुकीं और उन पर सवार करीब 25 लोग, जिनमें ससुर, साले और पत्नी शशि कुमारी भी शामिल थीं, बिना किसी पूर्व सूचना के घर में घुस आए और हमला बोल दिया।

 

पीड़ित संतोष कुमार ने कटोरिया थाना में सात नामजद तथा पंद्रह अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले उनकी पत्नी शशि कुमारी ढाई वर्षीय पुत्र सिवान संतोष को लेकर बिना बताए मायके चली गई थी। इस दौरान मोबाइल पर भी विवादपूर्ण बातचीत होती रही। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब वे अपने छात्रों को पढ़ा रहे थे, तभी ससुराल पक्ष के लोग घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। संतोष को बचाने का प्रयास कर रहे एक छात्र के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई।

 

आवेदन में कहा गया है कि मारपीट के दौरान पत्नी शशि कुमारी ने घर के बक्से में रखे सोना-चांदी के जेवर और 3,000 रुपये नकद निकाल लिए। हमलावरों ने संतोष का मोबाइल फोन भी पटककर तोड़ दिया और उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान संतोष कुमार की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके चलते सभी हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

See also  बिहार में खुलेंगे पांच Gen-Z डाकघर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और विशेष बचत योजनाएं

 

पीड़ित ने सुईया थाना क्षेत्र के कौआदह गांव निवासी ससुर अर्जुन यादव, साला बाबूलाल यादव, जयप्रकाश यादव, पत्नी शशि कुमारी सहित सात लोगों पर नामजद और पंद्रह अज्ञात पर भी हमला करने का आरोप लगाया है। थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।