InShot 20250930 000701186 बिजली की लचर व्यवस्था से परेशान उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, अमरपुर विद्युत कार्यालय में किया प्रदर्शन

बिजली की लचर व्यवस्था से परेशान उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, अमरपुर विद्युत कार्यालय में किया प्रदर्शन

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट- चन्दन कुमार

बांका के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र के शोभानपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14, ढोररा जनकपुर के उपभोक्ताओं ने सोमवार को बिजली की खराब व्यवस्था के खिलाफ अमरपुर विद्युत कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल समाधान की मांग उठाई।

 

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों में कमलेश्वरी यादव, धनंजय यादव, खुशबू देवी, जूली देवी, पुतुल देवी, बादल कुमार, मनोज यादव, प्रहलाद यादव, रूबी देवी, फोटो कुमारी, रीना देवी, राकेश यादव सहित दर्जनों लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मात्र 63 केवी का छोटा ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है, जिससे नियमित और पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गांव में करीब 125 उपभोक्ता हैं, जिनमें 20 किसान बोरिंग मशीन से खेती पर निर्भर हैं।

 

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले छह माह से वे लगातार लॉ वोल्टेज और फेज उड़ने की समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार तारें भी जल जाती हैं, जिससे घरों में अंधेरा और पानी की किल्लत हो जाती है। पेयजल संकट इतना बढ़ गया है कि ग्रामीणों को कुएं से पानी भरकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। वहीं, सिंचाई प्रभावित होने से धान की फसल को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों ने मांग की कि गांव के उत्तर दिशा में 100 केवी का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए, ताकि 40-50 उपभोक्ताओं और 15-20 किसानों को बिजली की समस्या से राहत मिल सके।

 

इस संबंध में बिजली विभाग के सहायक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि ढोररा जनकपुर में जल्द ही जर्जर तार को बदलने का कार्य शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नए ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कर उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा।

See also  बांका के मंदार पापहारिणी मेले में उचक्कों का आतंक, सफा अनुयायियों से एक लाख रुपये की चोरी

 

ग्रामीणों के इस आंदोलन से साफ झलकता है कि बिजली की अव्यवस्था ने क्षेत्र की आम जनता और किसानों के जीवन को गहराई से प्रभावित किया है।