बांका जिला के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरदौरी गांव में गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। बुधवार को हुई इस घटना में एक दंपती और उनकी पुत्री के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। घायलों में डबलु यादव, उनकी पत्नी बबीता देवी और पुत्री गमगम कुमारी शामिल हैं। तीनों का इलाज रेफरल अस्पताल अमरपुर में चिकित्सक डॉ. दिवाकर सिंह द्वारा किया गया।
घटना के संबंध में जख्मी गमगम कुमारी ने बताया कि गांव के ही गनोड़ी पासवान और बाटो पासवान आए दिन नशे की हालत में उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करते रहते हैं। इसको लेकर पहले भी कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बुधवार को गमगम कुमारी के माता-पिता खेत (बहियार) गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर में वह अपनी दादी के लिए भोजन लेने दुकान पर गई थी।
इसी दौरान गनोड़ी पासवान और बाटो पासवान नशे में धुत्त होकर उसकी दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब गमगम कुमारी ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपितों ने लाठी और डंडे से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जब उसकी मां बबीता देवी और पिता डबलु यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस हमले में पति-पत्नी दोनों को चोटें आईं। आसपास के लोगों के जुटने के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लाया गया।
मामले को लेकर जख्मी गमगम कुमारी ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।
रिपोर्ट – दीपक कुमार




