Screenshot 20260307 232714 धोरैया के युवक की दिल्ली में संदिग्ध मौत, ठेकेदार समेत तीन पर हत्या की प्राथमिकी

धोरैया के युवक की दिल्ली में संदिग्ध मौत, ठेकेदार समेत तीन पर हत्या की प्राथमिकी

Photo of author

By Banka Darshan News

 बांका जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत भल्लु गांव निवासी एक युवक की दिल्ली में हुई संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के छोटे भाई ने ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए धनकुंड थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान भल्लु गांव निवासी अमर कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतक के छोटे भाई वंदन कुमार ने धनकुंड थाना में आवेदन देकर धोरैया थाना क्षेत्र के जोकी गांव निवासी राजकुमार पासवान, हीरालाल साह और उत्तम कुमार को नामजद आरोपित बनाया है।

आवेदन में वंदन कुमार ने बताया है कि जोकी गांव निवासी राजकुमार पासवान दिल्ली में ठेकेदारी का काम करता है। उसने अमर कुमार को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले गया था। वहां अमर दिल्ली के उत्तम नगर स्थित महारानी एन्क्लेव-1 इलाके में रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। बताया गया कि करीब एक महीने तक काम करने के बावजूद ठेकेदार द्वारा उसे मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। इस बात को लेकर अमर और राजकुमार के बीच कई बार कहासुनी और विवाद भी हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि होली के दिन राजकुमार पासवान ने अमर कुमार को मजदूरी का पैसा देने के बहाने बुलाया था। कुछ समय बाद राजकुमार ने फोन कर परिवार को सूचना दी कि अमर की मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद जब अमर का भाई वंदन कुमार वहां पहुंचा तो उसने अपने भाई को मृत अवस्था में पड़ा पाया।

See also  भागलपुर सांसद अजय मंडल के कार्यालय में चोरी, सीसीटीवी डीवीआर समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज ले गए चोर

वंदन कुमार ने आरोप लगाया है कि मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद में राजकुमार पासवान, हीरालाल साह और उत्तम कुमार ने मिलकर उसके भाई की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

इस संबंध में धनकुंड थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चूंकि घटना दिल्ली में हुई है, इसलिए संबंधित दिल्ली थाना को प्राथमिकी की प्रति और आवश्यक कागजात भेज दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -आसुतोष सिंह