बेलहर. प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद झामा मैदान परिसर में मंगलवार को बीसीसी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के 11वें सीजन का पांचवां मुकाबला खेला गया। यह रोमांचक मुकाबला वाईसीसी राजपुर एवं एसके 11 बांका की टीमों के बीच आयोजित हुआ, जिसमें बांका की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राजपुर को पांच विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की।
मैच का उद्घाटन पूर्व अमीन रामधनी साह एवं रघुवीर साह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बैटिंग-बॉलिंग कर किया। अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष पंकज भगत ने अंगवस्त्र देकर किया। टॉस जीतकर बांका की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईसीसी राजपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। राजपुर के बल्लेबाजों ने शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया, हालांकि मध्य ओवरों में बांका के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की। गेंदबाजी में मोलू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया।
190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसके 11 बांका की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। बांका की टीम ने 18.3 ओवर में पांच विकेट खोकर 192 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में मोलू का योगदान सबसे अहम रहा। उन्होंने न केवल गेंदबाजी में पांच विकेट चटकाए, बल्कि बल्लेबाजी करते हुए 64 रनों की शानदार पारी खेली।
मोलू के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। संरक्षक समाजसेवी मधु सिंह एवं प्रोफेसर मनोज सिंह ने उन्हें मेडल और चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा मैच के दौरान मोलू द्वारा हैट्रिक छक्का लगाए जाने पर उन्हें एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया।
मैच में अंपायर की भूमिका कंचन कुमार एवं संजीव कुमार ने निभाई। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार साह, प्रवक्ता रंजीत भारती सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों और नारों से उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा मैदान खेल उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
रिपोर्ट -कमलदेव सिंह




