बांका के अमरपुर में रविवार को मां काली मंदिर का पट खुलते ही पूजा-अर्चना को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही श्रद्धालु शहर स्थित माघी काली मंदिर, डुमरामा काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मां काली के जयकारों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और मंदिर परिसरों में आस्था का सैलाब देखने को मिला।
डुमरामा स्थित मां काली मंदिर परिसर में पूजा को लेकर विशाल मेला का आयोजन किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में अमरपुर ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे श्रद्धा भाव से मां काली की पूजा की और मेले का आनंद उठाया। मेले में पूजा सामग्री, प्रसाद, खिलौने, खाने-पीने की दुकानों सहित विभिन्न अस्थायी दुकानें सजी रहीं, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई।
मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूजा समिति द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वयंसेवक लगातार सक्रिय नजर आए। मंदिर समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में अहम भूमिका निभाई। वहीं साफ-सफाई और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
अमरपुर मां काली मंदिर समिति के अध्यक्ष राहुल भगत ने बताया कि पूजा के दौरान प्रतिदिन संध्या समय भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। महाआरती के दौरान मां काली की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है और श्रद्धालु भावविभोर हो उठते हैं। उन्होंने बताया कि समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
विधि-व्यवस्था को लेकर पूजा समिति के देवेंद्र पोद्दार, सौरभ कुमार, पंकज कुमार, आशीष कुमार, सुजीत कसेरा, अशोक साह, जिम्मी पोद्दार, मंटु पसारी, सोनु कुमार, दीपक कुमार समेत अन्य सदस्य पूरी तरह से मुस्तैद दिखे। सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लगातार मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सक्रिय रहे। कुल मिलाकर मां काली पूजा और मेला शांतिपूर्ण, भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा
रिपोर्ट -दीपक कुमार




