बांका जिला के पंजवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत चीर नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल के पूर्वी छोर के समीप स्थित बहियार में बुधवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मृतक की पहचान सीमावर्ती झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत मोतिया ओपी थाना क्षेत्र के भारतीकित्ता गांव निवासी मुकेश यादव (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता सिकंदर यादव के रूप में की गई है। बताया गया कि मृतक विवाहित था और उसके परिवार में एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह बहियार की ओर जा रहे कुछ लोगों ने शव को पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पंजवारा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों के पहुंचते ही घटनास्थल पर कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना पर पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
इसके अलावा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।
जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट -यस्वीर कुमार




