FB IMG 1757584220160 फुल्लीडुमर : खेत में वज्रपात से किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

फुल्लीडुमर : खेत में वज्रपात से किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Photo of author

By Banka Darshan News

डेक्स रिपोर्ट-बांका

बांका के फुल्लीडुमर प्रखंड के बेलसिरा गांव के समीप गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे खेत में वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलसिरा निवासी कमलेश्वरी यादव के पुत्र राम कुमार यादव (45) के रूप में हुई है।

 

जानकारी के अनुसार राम कुमार यादव रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा काटने खेत गए थे। इसी दौरान अचानक आसमान में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वे मौके पर ही बेहोश हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में पत्नी दुलो देवी और बच्चों के करुण क्रंदन से वातावरण गमगीन हो उठा। मृतक अपने पीछे दो पुत्र दिलखुश यादव और संतोष कुमार यादव तथा एक पुत्री ब्यूटी कुमारी को छोड़ गए हैं।

 

इधर, सूचना पाकर थाना प्रभारी गुलशन कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के मुखिया तथा प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष चंदन कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

 

ग्रामीणों ने बताया कि राम कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी आकस्मिक मौत से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर है। लोग प्रशासन से परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं।

See also  ई-केवाईसी में लापरवाही पर किसानों को हो सकता है सरकारी लाभ से वंचित, डीएम ने किया औचक निरीक्षण