बांका डेक्स रिपोट..
प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (पीएमकेकेवाई) एवं डीएमएफ ट्रस्ट की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ल ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर जाकर आमजनों को डीएमएफ ट्रस्ट फंड से संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना का शुभारंभ 16 सितंबर 2015 को किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य और सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर खनन से होने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करना है।
डीएमएफ ट्रस्ट फंड के अंतर्गत अब तक बांका जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों में 22 योजनाओं को स्वीकृति दी गई है और लगभग 7 करोड़ 93 लाख रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है। इन योजनाओं में 221 आंगनबाड़ी केंद्रों और 47 विद्यालयों का मरम्मतीकरण, आरएमके ग्राउंड इनडोर स्टेडियम का सुधार, कनार्ट रोड का निर्माण तथा सदर अस्पताल में दो एंबुलेंस की व्यवस्था जैसी उपलब्धियां शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने जिलेवासियों को योजना की वर्षगांठ पर बधाई दी और कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण जैसी योजनाएं खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के जीवन को और अधिक सशक्त बनाएंगी। इस मोके खान इंस्पेक्टर हरिओम ओझा, एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.




