बाँका। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष गिरधारी यादव की अध्यक्षता में बैठक हुआ,बैठक में बेलहर विधायक मनोज यादव, अध्यक्ष जिला परिषद बाँका, मुख्य पार्षद नगर परिषद बाँका, दिशा के मनोनीत सदस्य, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में सांसद महोदय द्वारा पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की प्रगति, उपलब्धि एवं समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा, आयुष्मान भारत योजना, CPGRAMS, समाज कल्याण, कृषि, भूमि संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, जिला उद्योग, पंचायती राज, आपूर्ति, सहकारिता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जिला योजना, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल-1 एवं 2, राष्ट्रीय उच्च पथ, विद्युत आपूर्ति विभाग, वन प्रमंडल, नगर निकाय एवं आवास विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं, धान अधिप्राप्ति की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित मामलों, कल्याण विभाग अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं, सामुदायिक भवनों के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास की स्थिति, कृषि विभाग के अंतर्गत खाद आपूर्ति (उठाव एवं वितरण), आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों को प्रशिक्षण देने, सभी प्रखंडों में अंचल अधिकारी स्तर से लंबित परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज के मामलों, आपदा मद अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सहायता राशि के समय पर भुगतान, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शत-प्रतिशत आवास विहीन लाभुकों को आच्छादित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की जनता से जुड़ी समस्याओं को सदन के माध्यम से उठाया और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। जनप्रतिनिधियों ने यह भी मांग की कि अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
सांसद गिरिधारी यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कह कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले विभागों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करेंगे, ताकि बाँका जिला विकास की गति को और तेज किया जा सके तथा आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




