डेक्स रिपोट- बांका
समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC), जिला स्तरीय यूको परामर्शदात्री समिति (DLRAC) एवं जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति (DLIC) की त्रैमासिक (सितंबर-2025) बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडी रेशियो और वार्षिक ऋण योजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने 40 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले बैंकों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिया कि अगले त्रैमास तक कम-से-कम 60 प्रतिशत लक्ष्य की उपलब्धि सुनिश्चित करें। पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक के समन्वयक व शाखा प्रबंधकों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि प्रगति नहीं सुधरी तो उनके खिलाफ अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पीएमईजीपी और पीएमएफएमई योजना का शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। पीएम स्वनिधि, जीविका, यूको आरसेटी और अन्य योजनाओं में लंबित ऋण आवेदनों का निष्पादन 30 सितंबर तक करने का आदेश सभी बैंकों को दिया गया। नगर परिषद बांका, कटोरिया, अमरपुर और बौंसी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को कैंप लगाकर ऋण भुगतान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को केसीसी ऋण में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराने और प्रत्येक शाखा में कम से कम 10 नए आवेदन भेजने का आदेश दिया। गव्य विकास योजना में बैंकों की अनभिज्ञता पर नाराजगी जताते हुए लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
भारतीय स्टेट बैंक की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने रोष व्यक्त किया और सभी बैंकों को अगले त्रैमास में कम से कम 50 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, नाबार्ड, अग्रणी जिला प्रबंधक, जीविका प्रतिनिधि, कृषि विभाग एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयक व शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।




