बांका के समाहरणालय परिसर स्थित पालना घर का औचक निरीक्षण शुक्रवार को जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की देखभाल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्रेच वर्कर स्वीटी कुमारी भुई को स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करनी चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि पालना घर में रह रहे बच्चे हम सभी की जिम्मेदारी हैं। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिशु कक्ष, रसोईघर और परिसर की नियमित साफ-सफाई हो, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े।
विदित हो कि महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार द्वारा संचालित इस पालना घर में बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराया जाता है। यहां क्रेच वर्कर और सहायक क्रेच वर्कर बच्चों की देखभाल ममता और अपनत्व के साथ करती हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) रेणु कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक राज अंकुश शर्मा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ शेखर कुमार दास, केस वर्कर अंजना भारती और सहायक क्रेच वर्कर चम्पा रानी मौजूद थीं।




