सीएम कार्यक्रम में मुखिया और महिला सिपाही का मोबाइल ले उड़े उचक्के.

 

हमसे जुड़े

Facebook Instagram WhatsApp YouTube

डेक्स रिपोर्ट-पटना

बिहार के कैमूर जिले के भभुआ में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। जिले के मीव पंचायत के मुखिया सुदर्शन प्रसाद बिंद और कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही का मोबाइल अज्ञात उचक्के उड़ा ले गए। दोनों ने भभुआ थाना में आवेदन देकर मोबाइल बरामदगी की गुहार लगाई है।

 

जानकारी के अनुसार, भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम में एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन को सुनने के लिए जिले के कोने-कोने से हजारों लोग पहुंचे थे। सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे और लोगों को जांच-पड़ताल के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जा रहा था। इसके बावजूद उचक्के भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम देने में सफल रहे।

 

मीव पंचायत के मुखिया सुदर्शन प्रसाद बिंद ने बताया कि वे मुख्यमंत्री का कार्यक्रम देखने स्टेडियम पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में उनका मोबाइल चोरी हो गया। उन्होंने कहा कि फोन में कई जरूरी दस्तावेज और निजी जानकारियां मौजूद हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मोबाइल की बरामदगी की मांग की है।

 

वहीं, सीएम कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही का मोबाइल भी चोरी हो गया। उन्होंने भी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

 

कार्यक्रम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुई इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। खबर लिखे जाने तक केवल दो लोगों ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि कई अन्य लोगों के मोबाइल भी चोरी हुए होंगे।

 

 

 

 

छठ पूजा शुभकामनाएँ
Advertisement