InShot 20250930 235649807 दुर्गा पूजा पंडालों में लग रहा बिजली कैंप, मुफ्त बिजली योजना की दी जा रही जानकारी

दुर्गा पूजा पंडालों में लग रहा बिजली कैंप, मुफ्त बिजली योजना की दी जा रही जानकारी

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोट-चन्दन कुमार

अमरपुर। कंपनी मुख्यालय के निर्देश पर अमरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल की ओर से विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिर परिसरों में उपभोक्ता जागरूकता कैंप लगाया जा रहा है। कैंप में लोगों को मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत मिलने वाली सुविधा की जानकारी दी जा रही है। इस योजना के अंतर्गत सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

 

विद्युत कार्यपालक अभियंता सुभाष कुमार ने बताया कि कैंप में उपभोक्ताओं को न केवल मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत छतों पर सौर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया और लाभ के बारे में भी बताया जा रहा है। इसके साथ ही साइबर ठगी से बचाव संबंधी सुझाव भी दिए जा रहे हैं।

 

अभियंता ने कहा कि कैंप में उपभोक्ताओं की समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए जा रहे हैं और उनका त्वरित निष्पादन भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस योजना का लाभ पाने के लिए किसी तरह के रजिस्ट्रेशन या ओटीपी की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ताओं को स्वतः इसका लाभ मिल रहा है। यदि कोई व्यक्ति कॉल या लिंक के माध्यम से ओटीपी या निजी जानकारी मांगता है तो यह साइबर फ्रॉड है और इससे सतर्क रहने की जरूरत है।

 

कैंप में उपभोक्ताओं के बीच मुख्यमंत्री का संदेश पत्र भी वितरित किया गया, ताकि वे योजना की सही जानकारी प्राप्त कर सकें और किसी के बहकावे में न आएं।