IMG 20251230 WA1201 कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन, कुल 10,771 मतदाता शामिल

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन, कुल 10,771 मतदाता शामिल

Photo of author

By Banka Darshan News

 

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन के क्रम में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र)–सह–जिला पदाधिकारी, बाँका ने की। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक सूची की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पश्चात सभी दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के बाद अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 10,771 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 8,128 पुरुष मतदाता एवं 2,643 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक सूची के निर्माण की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न की गई है। सभी प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध एवं विधिसम्मत निपटारा किया गया, ताकि कोई भी योग्य स्नातक मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, बाँका, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, बाँका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया और निर्वाचक सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे निर्वाचक सूची का अवलोकन कर अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार