बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के कागीसार गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चूल्हे की आग से झुलसने के कारण पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी मां भी आंशिक रूप से झुलसकर घायल हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत बच्ची की पहचान कागीसार गांव निवासी मनोज यादव की पांच वर्षीया पुत्री अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। हादसे में जख्मी बच्ची की मां वीणा देवी का कटोरिया रेफरल अस्पताल में इलाज कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज यादव की पत्नी वीणा देवी घर में लकड़ी के चूल्हे पर धान तैयार कर रही थी। इसी दौरान उनकी पुत्री अनुष्का कुमारी घर के पास खेलते-खेलते चूल्हे के समीप पहुंच गई और असंतुलित होकर जलते चूल्हे में गिर पड़ी।
चूल्हे की आग में गिरते ही अनुष्का बुरी तरह झुलस गई। पुत्री को जलता देख मां वीणा देवी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी आंशिक रूप से आग की चपेट में आकर झुलस गई। बच्ची और मां की चीख-पुकार सुनकर परिजन व आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
रेफरल अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसी अनुष्का कुमारी की हालत नाजुक बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। सदर अस्पताल से भी हालत गंभीर देखते हुए उसे देवघर एम्स रेफर किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही अनुष्का ने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की मां वीणा देवी, दादा दुलारचंद यादव, दादी बुधनी देवी समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। बताया गया कि मृत बच्ची का पिता मनोज यादव मजदूरी के सिलसिले में बेंगलुरु गया हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की है।.
रिपोर्ट -दीपक कुमार




