अमरपुर प्रखंड के पूरनचक स्थित अनादि अद्वैत मिशन परिसर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ झंडातोलन एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नवोदय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक अमन सर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें उपस्थित शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकों ने सम्मानपूर्वक भाग लिया।
झंडातोलन के पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। बच्चों की प्रस्तुति ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में लड़कों के साथ-साथ लड़कियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा 100 मीटर दौड़, बोरा रेस, जलेबी रेस, कुर्सी दौड़ जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।
शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने ज्ञान और समझ का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के बीच मेडल एवं पुरस्कार का वितरण किया गया। अतिथि अमन सर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।




