बिहार के बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 17 अगस्त को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा को लेकर कहा कि यह दोनों बिहार की धरती पर सिर्फ नौटंकी करने आ रहे हैं। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “खानदानी चोर” तक कहा और दावा किया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों जेल जाएंगे।
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी 65 लाख वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन इसके समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतनी बड़ी संख्या में नाम काटे गए हैं, तो कम से कम 65 हजार लोगों की सूची तो दी जानी चाहिए थी। सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी होने पर पब्लिश की जाएगी। बावजूद इसके, राहुल गांधी केवल माहौल बनाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में इसी वोटर लिस्ट के आधार पर कांग्रेस चुनाव लड़ चुकी है, तब सब कुछ सही था। अब बिहार में मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग ने हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है, लेकिन कांग्रेस इसकी बजाय केवल बयानबाजी कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को बेइमान बताते हुए कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं माना और आपातकाल थोप दिया था। अब राहुल गांधी भी कोर्ट और आयोग पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने की साजिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने दरभंगा में डबल नाम की गड़बड़ी उजागर की है। चुनाव आयोग ने एक महीने का समय गड़बड़ियां सुधारने के लिए दिया है, लेकिन राहुल-तेजस्वी तकनीकी लड़ाई लड़ने की बजाय सिर्फ राजनीतिक नौटंकी कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार की जनता प्रबुद्ध है और ऐसे नौटंकीबाज नेताओं को अच्छी तरह पहचानती है।