रिपोट- चन्दन कुमार
बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के बौंसी बाजार में 30 अगस्त को हुई स्वर्ण व्यवसायी नवीन भुवानिया की लूटपाट के क्रम में हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। बांका पुलिस कप्तान उपेंद्रनाथ वर्मा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि मामले में शामिल मुख्य अभियुक्त अंकित कुमार और उसके सहयोगी अक्षय कुमार को भागलपुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है। एसपी ने बताया कि घटना वाले दिन स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया था। साथ ही तकनीकी सेल की मदद से अपराधियों की लोकेशन ट्रैक कर दोनों को दबोच लिया गया।
जांच में पता चला है कि मुख्य अभियुक्त अंकित कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह कई संगीन मामलों में संलिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कौन लोग शामिल थे।
एसपी ने दावा किया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जिले में कानून व्यवस्था को पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा। इस उद्भेदन से स्वर्ण व्यवसायियों एवं आमलोगों में राहत की भावना देखी जा रही है।




