रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बांका जिले के सब्जी उत्पादक किसानों के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी राहत की घोषणा की है। अब जिले के सभी प्रखंडों में 10 टन क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज और 20 टन क्षमता वाले गोदाम बनाए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना और उनकी उपज को सुरक्षित रखने के साथ बेहतर मूल्य दिलाना है।
सहकारिता विभाग के तहत इस योजना को लागू किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक प्रखंड पर एक-एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। कोल्ड स्टोरेज केवल भंडारण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि कलेक्शन सेंटर के रूप में कार्य करेंगे। यहां किसानों को पैकेजिंग, ग्रेडिंग और परिवहन की भी सुविधा दी जाएगी, जिससे बाजार तक पहुंच आसान होगी।
हर प्रखंड में सब्जी उत्पादक समितियों का गठन कर लिया गया है, जिनमें 500 से 1000 किसानों को जोड़ा जा रहा है। इन समितियों के माध्यम से किसानों को बीमा, सब्सिडी आधारित उपकरण और विपणन की योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा, सहकारिता विभाग बकरी पालन को भी बढ़ावा दे रहा है। जीविका समूह की महिलाओं को बकरी पालन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रत्येक समूह में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
जिला सहकारिता पदाधिकारी जैनुल आब्दीन अंसारी ने बताया कि अगले दो वर्षों के भीतर कोल्ड स्टोरेज और गोदाम का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा और कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इससे जिले में सब्जी उत्पादन और स्वरोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे।




