बांका। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आज शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत सहोड़ा गांव में भव्य चेतक रेस एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गांव में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई है और आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के इस आयोजन में शामिल होने की संभावना है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से गांव स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं,प्रतियोगिता स्थल पर दर्शकों के बैठने, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक सहयोग की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
आयोजक शिक्षाविद रणविजय सिंह और संजय चौहान ने बताया कि चेतक रेस और दौड़ प्रतियोगिता केवल एक खेल या मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके प्रिय घोड़े चेतक की वीरता और निष्ठा आज भी प्रेरणा का स्रोत है। इसी भावना को जीवंत रखने के लिए चेतक रेस का आयोजन किया जाता है, ताकि युवाओं में देशभक्ति और आत्मसम्मान की भावना मजबूत हो।
प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी भाग लेंगे, जो अपनी-अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। दौड़ प्रतियोगिता में युवाओं के साथ-साथ बच्चों के लिए भी अलग-अलग वर्ग बनाए गए हैं, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग लेकर उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद उठा सकें। विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र की भी व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप के जीवन और उनके शौर्य पर प्रकाश डालने के लिए संक्षिप्त उद्बोधन भी रखा गया है। कुल मिलाकर सहोड़ा गांव में आयोजित होने वाला यह चेतक रेस और दौड़ प्रतियोगिता ऐतिहासिक गौरव, सांस्कृतिक परंपरा और जनभागीदारी का अनूठा संगम साबित होने जा रहा है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




