बांका जिला के धोरैया थाना क्षेत्र के चलना गांव में बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने गांव के ही निवासी राजेश दास के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद घायल अवस्था में पड़े राजेश दास को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जख्मी राजेश दास ने बताया कि वह पेशे से राजमिस्त्री है। मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह ढलाई का काम खत्म कर घर लौटा था। घर आकर खाना खाने के बाद वह सो गया। बुधवार की सुबह करीब तीन बजे वह मवेशियों को चारा देने के लिए घर से बाहर निकला। इसी दौरान पहले से घात लगाए आधा दर्जन लोग, जो चादर से अपना चेहरा ढके हुए थे, अचानक पीछे से उसे पकड़ लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे घसीटते हुए घर से कुछ दूरी पर ले जाकर बुरी तरह से पिटाई की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसके हाथ-पैर भी बांध दिए और लात-घूंसे व किसी कठोर वस्तु से हमला किया। लगातार पिटाई के कारण वह बेहोश हो गया। जब हमलावरों को लगा कि उसकी मौत हो गई है, तो वे सभी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। काफी देर बाद होश में आने पर सुबह ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए धोरैया अस्पताल लाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही धोरैया पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और घायल से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पीड़ित के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल गांव में घटना को लेकर दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिला रही है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




