file 2026 02 04T15 04 17 बांका में ओरिया के समीप सड़क हादसे में फेरी वाले की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक की लहर

बांका में ओरिया के समीप सड़क हादसे में फेरी वाले की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक की लहर

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत औरिया गांव के समीप बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में फेरी का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के एजी नगर निवासी साहेब के पुत्र खुर्शीद (40 वर्ष) के रूप में की गई है, जो लंबे समय से बाराहाट बाजार में किराये के मकान में रहकर पुराने सामानों के बदले नए सामान की खरीद-बिक्री का काम करता था।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, खुर्शीद बुधवार की सुबह रोज की तरह अपने व्यवसाय के सिलसिले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गया हुआ था। दोपहर के समय वह वापस अपने ठिकाने की ओर लौट रहा था। इसी दौरान औरिया गांव के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुर्शीद की बाइक ट्रक के पहिये में फंस गई और लगभग 50 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान खुर्शीद भी बाइक के साथ घसीटता चला गया, जिससे उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। भयावह दृश्य देखकर कई लोग सहम गए। दुर्घटना के तुरंत बाद इस मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

See also  बांका के मंदार पापहारिणी मेले में उचक्कों का आतंक, सफा अनुयायियों से एक लाख रुपये की चोरी

सूचना मिलने पर बाराहाट थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सड़क से हटाया और काफी मशक्कत के बाद जाम को समाप्त कर यातायात को बहाल कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के एक फेरी वाले की मौत हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

रिपोर्ट – दीपक कुमार