डेक्स रिपोट -बांका
बांका। सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” एवं “पोषण माह” कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज कुशवाहा, बाँका विधायक राम नारायण मंडल एवं जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित आयोजन को भी देखा। तत्पश्चात सदर अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का मंत्रीगण एवं जिलाधिकारी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां की गईं।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, अस्पताल प्रबंधक, चिकित्सा पदाधिकारी समेत कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज की सशक्त आधारशिला है। पोषण माह का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों में कुपोषण को खत्म कर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करना है।




