बांका भागलपुर–मंदारहिल रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत संझा हॉल्ट के समीप देवघर–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन उस समय दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई, जब पटरी का क्लिप खुला हुआ पाया गया। ट्रेन चालक की सतर्कता और एक स्थानीय व्यक्ति की सजगता के कारण समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवघर–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन सुबह करीब 7 बजकर 35 मिनट पर धौनी (रजौन) स्टेशन पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन भागलपुर की ओर रवाना हुई। जैसे ही ट्रेन संझा हॉल्ट से कुछ दूरी पहले पहुंची, वहां पटरी का एक क्लिप खुला हुआ था। उसी दौरान पास में मौजूद एक व्यक्ति ने खतरे को भांपते हुए हाथ हिलाकर ट्रेन चालक को रुकने का इशारा किया। संकेत मिलते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए आपात ब्रेक लगाया और ट्रेन को तुरंत रोक दिया।
ट्रेन रुकने के बाद इस घटना की सूचना धौनी स्टेशन मास्टर संतोष भगत को दी गई। स्टेशन मास्टर ने तत्काल इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों और रेल प्रशासन के आलाकमान को भेजी। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और पटरी की जांच व मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। समाचार प्रेषण तक देवघर–जमालपुर पैसेंजर ट्रेन करीब 9 बजकर 45 मिनट तक मौके पर खड़ी रही, जबकि क्लिप को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी था।
इस घटना के कारण इस रेलखंड पर परिचालन प्रभावित हुआ। खासकर भागलपुर–बांका पैसेंजर सहित कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से विलंब से हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन में सवार यात्री काफी देर तक इंतजार करते रहे, वहीं कई यात्री वैकल्पिक साधनों से अपनी मंजिल तक पहुंचने की जद्दोजहद में लगे नजर आए।
स्टेशन मास्टर संतोष भगत ने बताया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का परिचालन रोका गया है और पटरी को पूरी तरह सुरक्षित किए जाने के बाद ही ट्रेन परिचालन बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ट्रेन नहीं रोकी जाती तो इस रेलखंड पर एक बड़ी और गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। फिलहाल रेलवे प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




