बांका के बौंसी. प्रसिद्ध बौंसी मेला के दौरान उमड़ी भारी भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़े सैकड़ों बच्चों को प्रशासन की तत्परता, सजगता और संवेदनशीलता से सुरक्षित रूप से उनके परिवारों से मिलाया गया। इस मानवीय प्रयास की हर ओर सराहना हो रही है। मेला क्षेत्र में बनाए गए विशेष नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस कर्मियों और दंडाधिकारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ बच्चों की देखभाल की और पहचान सुनिश्चित कराकर उन्हें उनके वास्तविक परिजनों के सुपुर्द किया।
बताया जा रहा है कि बौंसी मेला में दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ पहुंच रही है। इसी भीड़ के कारण कई छोटे बच्चे अनजाने में अपने माता-पिता या अभिभावकों से बिछड़ गए। जैसे ही किसी बच्चे के बिछड़ने की सूचना प्रशासन को मिली, पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत सक्रिय हो गई। बच्चों को सुरक्षित रूप से मेला परिसर में बने नियंत्रण कक्ष में लाया गया, जहां उन्हें पानी, भोजन और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन द्वारा बच्चों की पहचान के लिए सुनियोजित प्रक्रिया अपनाई गई। बच्चों से उनके माता-पिता का नाम, गांव, थाना, जिला सहित अन्य आवश्यक जानकारी पूछी गई। इसके बाद माइकिंग, लाउडस्पीकर और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बच्चों की सूचना पूरे मेला क्षेत्र में प्रसारित की गई। कई मामलों में परिजन स्वयं नियंत्रण कक्ष पहुंचकर अपने बच्चों की पहचान करते नजर आए। पूरी जांच-पड़ताल और सत्यापन के बाद ही बच्चों को उनके वास्तविक परिजनों को सौंपा गया।
इस दौरान कई भावुक क्षण भी देखने को मिले। जब बिछड़े बच्चों को सकुशल पाकर माता-पिता और परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं। कुछ माता-पिता ने प्रशासन और पुलिस कर्मियों का आभार जताते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो अनहोनी की आशंका बनी रहती।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मेला परिसर में बना नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। यहां महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारी और अन्य पदाधिकारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। मंदार मंच और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से मेला में आए श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, भीड़ में उनका हाथ न छोड़ें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
प्रशासन की इस सतर्कता और मानवीय पहल से बौंसी मेला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ
रिपोर्ट -माखन सिंह




