file 2026 01 21T15 33 39 बांका में कम ब्याज पर लोन का झांसा देकर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी, बैंक बंद देख आक्रोशित महिलाओं ने किया

बांका में कम ब्याज पर लोन का झांसा देकर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी, बैंक बंद देख आक्रोशित महिलाओं ने किया

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका सदर प्रखंड क्षेत्र में कम ब्याज दर पर पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। इस ठगी से आक्रोशित दर्जनों महिलाएं बुधवार को सदर थाना पहुंचीं और पुलिस प्रशासन को पूरी घटना की जानकारी दी। महिलाओं ने बताया कि इस ठगी में सोनागिरि नामक एक फाइनेंस कंपनी के नाम का इस्तेमाल किया गया।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, दो-तीन युवक खुद को सोनागिरि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का कर्मी बताकर क्षेत्र में घूमते थे। वे ग्रुप लोन और पर्सनल लोन कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराने का भरोसा देते थे। लोन दिलाने के नाम पर पहले लोगों को अपने बैंक में खाता खोलने की बात कही जाती थी। इसके लिए प्रत्येक महिला से पांच हजार रुपये नकद लिए गए। युवकों ने भरोसा दिलाया था कि खाता खुलने के बाद यह राशि वापस कर दी जाएगी और 20 जनवरी को लोन की रकम सीधे खाते में भेज दी जाएगी।

जब 21 जनवरी तक किसी भी महिला के खाते में लोन की राशि नहीं आई, तो ठगी का शिकार हुई सैकड़ों महिलाएं शहर स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप एक निजी मकान में संचालित बताए जा रहे कार्यालय पहुंचीं। वहां न तो कोई बोर्ड लगा था और न ही कोई कर्मी मौजूद था। कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। इसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। संपर्क करने पर कथित एजेंट का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया गया।

महिलाओं ने बताया कि एजेंट ने कम ब्याज दर पर 1 लाख 60 हजार रुपये तक का लोन दिलाने का लालच दिया था। इसके झांसे में आकर क्षेत्र की लगभग एक हजार महिलाओं ने पांच-पांच हजार रुपये जमा कर दिए। महिलाओं के पास रुपये जमा करने की रसीद भी मौजूद है। पीड़ितों में रिंकी देवी, जरीना खातून, रश्मि कुमारी, कविता देवी, पार्वती देवी, रीता कुमारी, मोहनी देवी, कंती देवी, मलिया देवी सहित कई महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एजेंट विजिटिंग कार्ड लेकर आता था और खुद को सौरव सिंह, शाखा प्रबंधक बताता था। वह आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड की फोटो कॉपी भी लेता था।

See also  ओढ़नी डैम को खेल व पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल

कार्यालय बंद देखकर आक्रोशित महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को शांत कराया। पुलिस ने पीड़ितों से सदर थाना में आवेदन देने को कहा। इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित महिलाओं से आवेदन लिया जा रहा है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट -दीपक कुमार