बिहार के मुंगेर जिले में पुलिस ने अवैध सिगरेट निर्माण और हथियारों के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने लाखों रुपये की नकदी, भारी मात्रा में सिगरेट बनाने का सामान और अवैध हथियार बरामद किए हैं। मामला मुंगेर के नयागांव इलाके से जुड़ा हुआ है, जहां लंबे समय से चोरी-छिपे नकली सिगरेट का धंधा चल रहा था।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नयागांव स्थित मोहम्मद तौफीक और मोहम्मद अकबर के मकान और गोदाम में अवैध रूप से सिगरेट का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही वहां हथियार भी छिपाकर रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ सदर अभिषेक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में डीआईयू (डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) और बासुदेवपुर थाना पुलिस के अधिकारी शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद तौफीक के घर और उससे जुड़े गोदाम की तलाशी ली। तलाशी में करीब 3800 खाली सिगरेट पैकेट, 900 सिगरेट पैकिंग कागज, 17 रोल और सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस को घर के अंदर से करीब 85 लाख 50 हजार रुपये नकद भी मिले, जिसे अवैध कारोबार से अर्जित बताया जा रहा है।
मामले की गंभीरता उस समय और बढ़ गई जब छापेमारी के दौरान पुलिस को 4 देसी हथियार और 20 राउंड जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी आईटीसी कंपनी से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल को अवैध रूप से खरीदकर उससे नकली सिगरेट तैयार करता था। इन सिगरेटों की सप्लाई मुंगेर, भागलपुर सहित बिहार के अन्य जिलों और ओडिशा तक की जाती थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसमें कई लोग शामिल हैं। फिलहाल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच चल रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस कार्रवाई को मुंगेर पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट -, रोहित कुमार




