IMG 20251228 WA0380 अमरपुर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की नहर में गिरकर मौत, करीब दो घंटे बाद हुई शव की पहचान

अमरपुर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की नहर में गिरकर मौत, करीब दो घंटे बाद हुई शव की पहचान

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर–तारड़ीह संपर्क पथ पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की नहर में गिरकर मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 7 बजे कुछ राहगीरों ने सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पास ही नहर में गिरे एक युवक को देखा। युवक की हालत गंभीर प्रतीत हो रही थी। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना अमरपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही अमरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण पहचान में कठिनाई आई। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर वाहन के मालिक की जानकारी जुटानी शुरू की।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मृतक की पहचान मोगलानीचक गांव निवासी गुण सागर तांती के रूप में हुई। युवक की पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन थाना पहुंचे, जहां शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के पिता भग्गो तांती ने बताया कि शनिवार की संध्या उनका पुत्र बिना कुछ बताए घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए, लेकिन किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी। रविवार सुबह हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

See also  बांका में छात्राओं से अभद्र व्यवहार व मोबाइल छीनने का प्रयास, एक युवक गिरफ्तार, दूसरा फरार

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अमरपुर थाना लाया, जहां आवश्यक पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, संभवतः तेज रफ्तार या सड़क पर संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक नहर में जा गिरी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

 

रिपोर्ट – दीपक कुमार