Screenshot 20260128 081101 बांका में स्कूल से जा रही छात्रा की मांग में डाल द‍िया स‍िंदूर, बोला- तुम क‍िसी और को चाहोगी तो मुश्‍क‍िल होगी

बांका में स्कूल से जा रही छात्रा की मांग में डाल द‍िया स‍िंदूर, बोला- तुम क‍िसी और को चाहोगी तो मुश्‍क‍िल होगी

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ रास्ते में एक युवक ने जबरदस्ती करते हुए उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उसे रोक लिया। छात्रा के विरोध करने के बावजूद युवक ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया और कहा कि “तुमको हमसे प्यार करना ही होगा।” घटना इतनी अचानक हुई कि छात्रा कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने बताया कि उक्त युवक काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा था और आए दिन रास्ते में छेड़खानी करता था। वह बार-बार प्यार करने और मिलने-जुलने का दबाव बनाता था। छात्रा के साफ इंकार करने के बावजूद उसकी हरकतें लगातार बढ़ती जा रही थीं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उस पर गंदी नजर रखता था और मानसिक रूप से उसे परेशान करता था।

घटना से भयभीत छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद छात्रा के पिता ने देर शाम जयपुर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के घरचप्या गांव निवासी 25 वर्षीय प्रमोद मुर्मू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जब छात्रा ने घटना के दौरान शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला।

See also  ओढ़नी डैम को खेल व पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल

जयपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद छात्रा और उसके परिवार में भय का माहौल है। पीड़िता मानसिक रूप से काफी डरी-सहमी है और स्कूल जाने से भी भयभीत है। वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों और छात्रा के स्वजनों में भारी रोष देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

रिपोर्ट -दीपक कुमार