रिपोट -बांका डेक्स
बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के चैती गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां 11 वर्षीय बालक बमबम कुमार की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक का पिता पिंटू यादव बताया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि बमबम सुबह अचानक घर से निकल गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से कई जगह तलाशने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो सभी की चिंता बढ़ गई।
इसी दौरान किसी ने खरौंधा नहर पुल के समीप बच्चे की लाश पानी में तैरते देखी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। बेटे का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बेलहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर बच्चे बिना जानकारी दिए नहर के आसपास खेलने चले जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे घटित होते हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, पूरे गांव में मासूम की असामयिक मौत से शोक की लहर दौड़ गई है।




