file 2026 01 03T15 16 16 बांका के आरएमके मैदान में लगा खादी मेला, स्वदेशी उत्पादों का लगा स्टॉल

बांका के आरएमके मैदान में लगा खादी मेला, स्वदेशी उत्पादों का लगा स्टॉल

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका शहर के आरएमके मैदान परिसर में शनिवार से इंडियन खादी सह हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट मेला का शुभारंभ हो गया। मेले का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने फीता काटकर किया। युग संस्कृति न्यास के तत्वावधान में आयोजित यह मेला आगामी 16 फरवरी तक चलेगा। मेले के आयोजन से शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस मेले में देश के करीब 20 राज्यों से आए हस्तकरघा एवं शिल्पकला से जुड़े कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में भागलपुरी सिल्क, बनारसी सिल्क, कश्मीरी पश्मीना शॉल, कश्मीरी ड्रायफ्रूट्स, उत्तराखंड की ऊनी बंडी, जयपुरी बेडशीट, दिल्ली की फैंसी कुर्तियां, राजस्थानी लहंगा, अचार, लखनऊ का चिकन वर्क सूट, भदोई का कालीन, सहारनपुर का फर्नीचर, पंजाबी सूट व जूती, झारखंड का खादी, बंगाल की जामदानी एवं कांथा वर्क साड़ी, फिरोजाबाद की चूड़ियां, कन्नौज का चंदन फेस पाउडर, मुंबई की फैंसी चूड़ियां, हेल्थ मसाजर सहित कई प्रकार के स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं।

मेला प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार के मेलों के आयोजन से देश की पारंपरिक कला, संस्कृति एवं कारीगरी को बढ़ावा मिलता है। साथ ही इससे शिल्पकारों और कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिलता है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनते हैं। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और देशी कारीगरों का मनोबल बढ़ाएं।

इस मौके पर मेला संयोजक भोला प्रसाद, शिवशंकर तांती, अजय यादव, हरिनंदन प्रसाद, चंदन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

See also  बांका में.सड़क किनारे जख्मी अवस्था में मिला युवक, धारदार हथियार से हमले की आशंका

दिव्यांगजनों के लिए जॉब कैंप 8 जनवरी को

इसी क्रम में जिला नियोजनालय तेलिया में आगामी 8 जनवरी को दिव्यांगजनों के लिए एक दिवसीय जॉब कैंप सह व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इस जॉब कैंप में प्रतिष्ठित नियोजकों द्वारा निजी क्षेत्र में दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विभागीय पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञों के माध्यम से व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। शिविर में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दिव्यांगजनों को दी जाएगी।

 

न्यूज़ -दीपक कुमार