रिपोर्ट-राजीव कुमार
बांका जिला के फुल्लीडुमर प्रखंड के खेसर बाजार में रविवार को भीषण जाम लग गया, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से शुरू हुआ जाम दोपहर तक जारी रहा और करीब छह घंटे तक बाजार क्षेत्र में महाजाम की स्थिति बनी रही। सड़कों पर छोटी-बड़ी गाड़ियों, साइकिलों, बाइकों और पैदल यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
गश्ती से लौट रहे फुल्लीडुमर थाना पुलिस वाहन भी इस जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि खेसर बाजार में जाम की समस्या लगातार बनी रहती है। सबसे बड़ी समस्या व्यवसायियों द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और बाजार आने वाले लोगों द्वारा दुकानों के आगे बेतरतीब ढंग से बाइक खड़ी करने की वजह से होती है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कुणाल भगत, पूर्व मुखिया राजेश कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह, जदयू पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, राजद पंचायत अध्यक्ष शशिकांत यादव और पूर्व वार्ड सदस्य अभिमन्यु शर्मा सहित अन्य लोगों ने कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा जाम की समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि अंचल अमीन द्वारा कई बार बाजार की मापी कराई गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। केवल आश्वासन दिया जाता है।
इस संबंध में सीओ मनोज कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होते ही खेसर बाजार को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण किए गए स्थानों पर बुलडोजर चलवाकर कार्रवाई की जाएगी ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।




