School Closed Tomorrow 2026 01 3d9225d2d11329a22dfe4466ed3fb6dd कड़ाके की ठंड को लेकर बड़ा फैसला: बांका और बेगूसराय में 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

कड़ाके की ठंड को लेकर बड़ा फैसला: बांका और बेगूसराय में 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बिहार के कई जिलों में पड़ रही कड़ाके की ठंड और लगातार छाए घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बांका और बेगूसराय जिलों में जिला प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। यह आदेश 6 जनवरी से लागू होकर 8 जनवरी तक प्रभावी रहेगा।

बांका जिले में लगातार गिरते तापमान, ठंडी हवाओं और सुबह-शाम घने कोहरे की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के दायरे में प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र एवं सभी प्रकार के कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं। डीएम द्वारा यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की सुसंगत धारा के तहत जारी किया गया है।

हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाएं पूरी तरह बंद नहीं रहेंगी। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक सीमित समय में किया जाएगा। वहीं, प्री-बोर्ड एवं बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित विशेष कक्षाएं और परीक्षाएं इस प्रतिबंध से मुक्त रखी गई हैं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

इसी तरह बेगूसराय जिले में भी ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की पढ़ाई 8 जनवरी तक पूरी तरह स्थगित रहेगी। कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  मां काली मंदिर का पट खुलते ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, डुमरामा में लगा भव्य पूजा मेला

बेगूसराय जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। आदेश के तहत बच्चों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्र दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि बच्चों को पोषण से वंचित न होना पड़े।

दोनों जिलों के प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन आदेशों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को ठंड, कोहरे और शीतलहर के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखना है। मौसम की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी निर्णय लिए जा सकते हैं।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार