बांका जिला के शंभुगंज थाना क्षेत्र के पहड़ी मोहनपुर गांव में शनिवार देर रात चोरों ने सुनसान कमरे को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, कासा-पीतल के बर्तन, कीमती साड़ियां समेत करीब चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी आशीष कुमार सिंह उर्फ गुड्डू, पिता उमाकांत सिंह, भागलपुर बाइपास पर होटल का संचालन करते हैं। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वे उन्हें इलाज के लिए भागलपुर लेकर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। घर में अन्य परिजन मौजूद थे, लेकिन चोरों की चालाकी के कारण किसी को भनक तक नहीं लगी।
बताया जाता है कि चोरों ने पहले घर के अन्य सदस्यों के कमरों को बाहर से कपड़े और रस्सी से बांध दिया, ताकि अंदर सो रहे लोग बाहर न निकल सकें। इसके बाद वे सीधे आशीष कुमार सिंह के कमरे में घुसे और दीवान के बॉक्स को तोड़ दिया। वहां से सोने-चांदी के जेवरात, कीमती सामान और 20 हजार रुपये नकद निकालकर दो ट्रॉली बैग में भर लिया। इसके अलावा आशीष कुमार सिंह और उनके पिता उमाकांत सिंह के दो बक्से भी चोर उठाकर ले गए।शनिवार की रात करीब चार बजे आशीष कुमार सिंह की भतीजी गुणगुण पढ़ाई के लिए उठी तो उसने देखा कि उसका कमरा बाहर से बंधा हुआ है। किसी तरह दरवाजा खोलने के बाद उसने अन्य कमरों की भी यही स्थिति देखी। इसके बाद उसने शोर मचाकर घर के सभी सदस्यों को जगाया। जब सभी लोग आशीष कुमार सिंह के कमरे में पहुंचे, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ।घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पुलिस वाहन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी लेकर थानाध्यक्ष को अवगत कराया। सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो घर से कुछ दूरी पर एक बगीचे में टूटे बक्से, ट्रॉली बैग और कपड़े बिखरे हुए मिले, जबकि कीमती सामान गायब था। इसकी जानकारी फिर से थाना को दी गई।
सूचना पर शंभुगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही आशीष कुमार सिंह भी घर पहुंचे और स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। पीड़ित ने शंभुगंज थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।इस संबंध में पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की
रिपोर्ट – निवास कुमार सिंह




