रिपोर्ट-उदयकांत
बांका के जयपुर थाना क्षेत्र के दुलमपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव के गुड्डू राय की 19 वर्षीय पत्नी कलावती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात कलावती की मौत की सूचना उसके मायके बाबूपुर (झारखंड) स्थित परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही मृतका के पिता शंभु राय समेत परिजन दुलमपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शव पर चोट के निशान देखकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही कलावती को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और लगातार मारपीट की जाती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही जयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता के लिखित बयान पर ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
उधर, ससुराल पक्ष ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि कलावती की मौत बीमारी के कारण हुई है। वहीं, गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतका अपने पीछे एक वर्ष के पुत्र को छोड़ गई है। घटना से परिजनों और गांव में शोक की लहर है।




