InShot 20251024 230355479 बांका में विवाहिता की हत्या कर शव को नकटी डैम में छिपाया, पति समेत घर के अन्य सदस्य फरार

बांका में विवाहिता की हत्या कर शव को नकटी डैम में छिपाया, पति समेत घर के अन्य सदस्य फरार

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-चन्दन

बिहार के बेलहर प्रखंड क्षेत्र के तिलवारिया गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की मौत को लेकर हड़कंप मच गया। मामला उस वक्त गरमा गया जब मृतका के मायके वालों ने शव को उसके ससुराल घर पर ही जलाने का प्रयास किया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना मिलते ही जिलेबियामोड़ पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

 

जानकारी के अनुसार, जमुई जिला के झाझा थाना क्षेत्र के नकटी डैम के पास एक बोरे में एक महिला का शव बरामद किया गया था। शव की पहचान तिलवारिया गांव निवासी आरती देवी, पति लालमोहन यादव के रूप में हुई। पहचान होने के बाद आरती देवी के मायके वाले — कटोरिया थाना क्षेत्र के बलुआ कुड़ा गांव निवासी वकील यादव, मदन यादव और विकास यादव — मृतका का शव लेकर तिलवारिया पहुंचे। आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल में ही शव को जलाने की कोशिश की, जिसके कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

 

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बताया कि छठ पर्व के समय माहौल बिगड़ना उचित नहीं होगा। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि शव को गांव में नहीं, बल्कि नदी या श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाए। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और मायके वाले शव को अपने साथ ले गए।

 

मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पति लालमोहन यादव ने ही आरती की हत्या की है। बताया गया कि लालमोहन यादव पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या कर चुका है और उस मामले में जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने आरती देवी से लगभग चार से पांच वर्ष पूर्व विवाह किया था। अब दूसरी पत्नी की भी हत्या कर उसने नकटी डैम के पास शव को बोरे में फेंक दिया और फरार हो गया।

See also  शंभूगंज में पत्नी के रहते युवक ने रचाई दूसरी शादी, विरोध करने पर पहली पत्नी से मारपीट कर घर से निकाला

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद से लालमोहन यादव सहित घर के सभी सदस्य घर से गायब हैं। मृतका के एक नाबालिग बच्चे को भी कथित रूप से रिश्तेदारों के यहां छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की एफआईआर झाझा थाना क्षेत्र में दर्ज की गई है, जहां से शव बरामद हुआ था। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और हत्या की वजहों की गहन जांच की जा रही है।